मंदसौर। गणतंत्र दिवस की संध्या में लोकतंत्र का लोकोत्सव ’’भारत पर्व’’ का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम पर हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ किया। तारासिंह डोडवे, इन्दौर द्वारा प्रसिद्ध कबीर गायन पर प्रस्तुति दी गई एवं मथुरा प्रसाद प्रजापति, भोपाल द्वारा बुंदेली लोकनृत्य पर प्रस्तुति दी गई। साथ ही राष्ट्रीय देशभक्ति गीत भजन, कबीर गायन एवं पारंपरिक लोकगीत भजन की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में जिले के स्थानीय कलाकारों सीता दवे द्वारा गीत पर प्रस्तुति दी, नन्हे नन्हे बच्चों द्वारा संविधान पर प्रस्तुति दी एवं कला समूहों द्वारा नृत्य, गायन, वादन एवं अन्य आकर्षक व रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। कलाकारों द्वारा वाद्य यंत्र, ढोल, मृदंग एवं देशभक्ति के नृत्य पर आकर्षक प्रस्तुती दी गई। देश भक्ति के गीतो, कबीर भजन, नृत्य ने श्रोताओं का मन मोह लिया। श्रोताओं ने मंत्रमुग्ध होकर इन सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का रसास्वादन किया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय मंदसौर द्वारा प्रदेश में हुए विकास की कहानी को दर्शाती विकास तथा छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर अदिती गर्ग ने फीता काटकर किया। भारत पर्व कार्यक्रम का समापन देर शाम तक चला।
कार्यक्रम के पश्चात बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, समाज सेवियों एवं विभागों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जे. के. जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्षा रमादेवी बंशीलाल गुर्जर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, जिला अधिकारीगण व मीडिया प्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण एवं शासकीय सेवक मौजूद थे।