नीमच। नीमच सिटी के जामा मस्जिद क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 40 वर्षीय इदरीस मंसूरी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, इदरीस मंसूरी (पिता मोहम्मद शफी उर्फ मुन्ना भाई) रात करीब 2.45 बजे घर की ऊपरी मंजिल पर चला गया। कुछ देर बाद उसकी बहन को संदेह हुआ तो उसने पड़ोसी नौशाद नीलगर को सूचना दी। पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर ऊपर पहुंचे, जहां इदरीस शेड में रस्सी के फंदे से लटका मिला।
परिजनों और पड़ोसियों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि इदरीस एक मेडिकल स्टोर पर कार्यरत था। वह अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बेटियों को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।