नीमच। शहर की कृषि उपज मंडी में पहुंचने वाले किसानों को आज भी मंडी प्रशासन की उदासिनता के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज भी एक किसान ने मंडी के हम्मालों को लेकर शिकायत दर्ज कराई है।

अरनिया माली के किसान अर्जुन माली ने बताया कि आज शुक्रवार को वह 50 बोरी असगंध लेकर मंडी पहुंचा था। नीलामी के दौरान हम्माल ने बोरी पकड़ने के लिए मुझे कहा। जबकि यह काम हम्माल का स्वयं का है। इस पर मैंने मंडी कमेटी को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद मंडी का सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचा और मंडी के लाइसेंसधारी हम्मालों को समझाइश दी। किसान का कहना है कि हम मंडी में उपज लेकर आते हैं। यदि हम्माली भी हमें ही करनी है तो हम खेती-किसानी का काम ही छोड़ दे। अन्य किसानों ने बताया कि उपज की नीलामी के बाद व्यापारी उपर-उपर का माल ले जाते हैं। नीचे बहुत सा माल बिखरा पड़ा रहता है। इस माल को भी हम्माल ही समेटकर बेचते हैं, जिससे उनकी अलग से आय होती है, जबकि यह माल मंडी कमेटी के सुपूर्द जाना चाहिए।

वहीं इस मामले में मंडी सचिव उमेश बसेड़िया का कहना है कि किसान की शिकायत का समाधान करवाया है। यदि हम्माल मनमानी कर रहे हैं तो असगंध मंडी में भी लहसुन मंडी जैसी सुविधा शुरू कर दी जाएगी, ताकि किसानों को कोई परेशानी ना हो।
