चित्तौड़गढ़। शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए रीट परीक्षा का आयोजन हो रहा है। पहली पारी का एग्जाम खत्म हुआ। पहली पारी में 93.9 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने एग्जाम दिया। इस दौरान किसी अभ्यर्थी को मैथ कठिन लगा तो किसी को चाइल्डहुड के क्वेश्चन कठिन लगे। वहीं, अधिकतर अभ्यर्थियों ने पेपर को ईजी बताया।
इससे पहले अभ्यर्थियों की गुरुवार सुबह से ही भीड़ देखी गई है। आखिरी समय तक भी अभ्यर्थी भाग-भाग कर केंद्रों पर पहुंचते दिखे।
चित्तौड़गढ़ में भी 2 दिन में यह परीक्षा आयोजित होगी। पहले दिन यानी गुरुवार को 2 पारियों में यह परीक्षा आयोजित हो रही है। दोनों दिनों में 20,982 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। गुरुवार को पहली पारी में 7008 कैंडिडेट रजिस्टर्ड है। जिसमें से 6581 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। जबकि 427 कैंडीडेट्स ने परीक्षा नहीं दी। इसका कुल प्रतिशत 93.9 रहा।
परीक्षार्थियों की 3 स्टेप में चेकिंग की गई। पहली बार बायोमेट्रिक तरीके से भी चेकिंग की गई, ताकि डमी कैंडिडेट अंदर ना जा सके। यही चेकिंग प्रोसेस सेकंड पारी में भी रहा।
दूर दराज से आए कैंडिडेट्स
सुबह की पारी के एग्जाम के लिए बाहर और दूर दराज से आने वाले कैंडिडेट्स रात को ही पहुंच गए। ऐसे में बस स्टैंड और रेल्वे स्टेशन पर भीड़ रही। सुबह निर्धारित समय से पहले ही कैंडिडेट्स अपने सेन्टर पर पहुंच गए। परीक्षा केंद्रों पर 8 बजे से एंट्री शुरू की गई, जो 9 बजे तक जारी रही। परीक्षा शुरू होने से 1 घंटा पहले यानि की सुबह 9 बजे एग्जाम सेंटर का गेट बंद कर दिया गया और परीक्षार्थियों को 9 बजे बाद एंट्री नहीं दी गई।
3 स्टेप में हुई चेकिंग
सुबह अभ्यर्थी समय से पहले पहुंच गए थे। 3 स्टेप में उनकी चेकिंग हुई। हालांकि कुछ अभ्यर्थी आखिरी समय में भागते हुए नजर आए। एग्जाम सेंटर के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। पहली बार बायोमेट्रिक तरीके से चेकिंग की गई। एग्जाम सेंटर पर लाइव फोटो से मिलान किया गया। पहली पारी का एग्जाम 10 से 12: 30 बजे तक होगा। वहीं, दूसरी पारी के दौरान भी चेकिंग का यही प्रोसेस रहा।
किसी को चाइल्डहुड सवाल लगे कठिन तो किसी को मैथ के सवाल
भदेसर निवासी 19 साल की कुलदीप का कहना था कि पेपर तो अच्छा आया, लेकिन चाइल्डहुड से जुड़े सवाल थोड़े कठिन थे। वहीं कुलदीप को मैथ के सवाल काफी पसंद आए।
बेगूं निवासी श्रद्धा राईवाल ने बताया कि पेपर काफी ईजी था लेकिन मैथ के सवाल कही-कही थोड़े से कठिन लगे। हिंदी के क्वेश्चन काफी सरल थे। ऐसे पेपर से श्रद्धा ने संतुष्टि जताई।