श्योपुर। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने गुरुवार को प्रेमसर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, जहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह को नियमित ब्लड डोनेशन कैंप लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कृषि क्षेत्र में सर्पदंश के मामलों को देखते हुए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को झाड़-फूंक से बचकर तुरंत मेडिकल सहायता लेने के लिए जागरूक किया जाए। स्वास्थ्य केंद्र में भ्रमण के दौरान 22 मरीजों की ओपीडी पाई गई। डॉक्टर ने बताया कि केंद्र में प्रति माह औसतन 15 प्रसव होते हैं।
गांधी नगर में प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन की जिम्मेदारी स्वसहायता समूह को देने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्र में 98 पंजीकृत बच्चों में से मात्र 12 बच्चे उपस्थित मिले। इस पर सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
ढोटी आंगनबाड़ी केंद्र में एमडीएम की खराब गुणवत्ता पर महादेव स्वसहायता समूह को हटाने का निर्देश दिया गया। सामुदायिक स्वच्छता परिसर बंद मिलने पर पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने को कहा गया। गांधी नगर में सूखे और अनुपयोगी कुएं के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाने के निर्देश भी दिए गए।