नीमच। शहर में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम श्मन कक्षश् के तहत पुलिस कंट्रोल रूम में गुरुवार को एक सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस विभाग के कर्मचारियों के लिए तनाव प्रबंधन पर केंद्रित था।
जिला चिकित्सालय नीमच से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डॉ. के.के. कारपेंटर ने सेमिनार में विशेष मार्गदर्शन दिया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इनमें मानसिक रोगों की पहचान, उनके लक्षण और उपचार शामिल थे। डॉ. कारपेंटर ने शारीरिक और मानसिक विकास, अत्यधिक चिंता, उदासी, और धूम्रपान जैसी आदतों से बचाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मानसिक रोगियों के प्रति समाज और परिवार की भूमिका पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया की उपस्थिति विशेष रही। इसके अलावा रक्षित निरीक्षक विक्रमसिंह भदौरिया, थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक पुष्पासिंह चौहान, नीमच सिटी के थाना प्रभारी विकास पटेल, बघाना के थाना प्रभारी निलेश अवस्थी और रेडियो निरीक्षक मनीष गेहलोत सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को उनके तनावपूर्ण कार्यभार से निपटने में मदद करना और उनके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना था।