अशोकनगर। न्यू बस स्टैंड क्रिकेट क्लब के वार्षिक टूर्नामेंट का आगाज हो गया है। बस स्टैंड ग्राउंड में आयोजित पहले मैच में पत्रकार इलेवन ने पुलिस 11 को 4 विकेट से हराया। मैच की शुरुआत में विधायक हरी बाबू राय और नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय किया। पुलिस टीम के कप्तान अक्षय कुशवाहा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
पुलिस 11, 79 रन बनाकर ऑल आउट
पुलिस 11 की टीम महज 7 ओवर में 79 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से दिवेश बैरागी ने 20, अतुल रघुवंशी ने 18 और सूर्य प्रकाश रघुवंशी ने 15 रन बनाए। पत्रकार 11 के गेंदबाज उमेश सेन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट लिए। सोनू ने 2 विकेट झटके। हरी सिंह और सचिन शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
पत्रकार 11 ने जीता मैच
80 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पत्रकार 11 के सलामी बल्लेबाजों ने धमाकेदार शुरुआत की। उमेश सेन और अरविंद गुर्जर ने महज 5 ओवर में 74 रन की साझेदारी की। उमेश ने 40 और अरविंद ने 35 रन बनाए। पत्रकार 11 ने आसानी से मैच जीत लिया।