रतलाम। शनिवार को पुलिस अधिकारियों और जवानों ने धूमधाम से होली का पर्व मनाया। डीआईजी मनोज सिंह, एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा समेत तमाम पुलिसकर्मियों ने एसपी बंगले पर होली के रंग में रंगकर डीजे की धुन पर डांस किया।
होली के इस जश्न में डीआईजी, एसपी और कलेक्टर राजेश बाथम ने पुलिसकर्मियों के साथ जमकर डांस किया। डीआरएम अश्वनी कुमार भी शामिल हुए और पुलिस अधिकारियों के साथ रंग-गुलाल खेला।
इस होली में एक खास नजारा तब देखने को मिला जब एएसपी राकेश खाखा ने फायर लॉरी से पुलिसकर्मियों पर पानी बरसाया। पुलिस अधिकारी और जवान इस मस्ती भरे माहौल का जमकर लुत्फ उठाते नजर आए।
त्योहार के बाद पुलिस की होली मनाने की परंपरा
होली और धुलेंडी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में व्यस्त रहने वाले पुलिसकर्मी, त्योहार के बाद एक दिन अपने लिए होली का जश्न मनाते हैं। यह परंपरा पुलिस विभाग में लंबे समय से चली आ रही है, जिसमें सभी अधिकारी और जवान मिलकर त्योहार का आनंद उठाते हैं।
जिलेभर में पुलिसकर्मियों ने मनाया जश्न
पुलिस लाइन और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिसकर्मियों ने होली का जश्न मनाया। रंगों और गुलाल के बीच पूरे माहौल में खुशी, उत्साह और भाईचारे की झलक दिखी।