नीमच। मंडी तुलावटी संघ ने आज विधायक दिलीप सिंह परिहार को एकल जिंस के बड़े तौल काटे बीओटी के आधार पर तौल कराए जाने से मंडी लाइसेंसधारी तुलावटियों को होने वाली आर्थिक नुकसान के संबंध में ज्ञापन दिया। ज्ञापन में तुलावटियों द्वारा बड़े तौल कांटे की तुलावटी मेहनताना दिये जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश की सभी मंडियों में सीजन के समय किसानों की अधिक संख्या में आवक आने से उन्हें अपने उपज विक्रय में अधिक समय ना लगे, इसलिए कृषि उपज की नीलामी पश्चात तुरंत बड़े तौल कांटे पर तुलाई कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश के बाद मंडी में लाइसेंसधारी तुलावटियों की आर्थिक स्थिति पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा और रोजी-रोटी भी धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगी।
तुलावटियों का कहना है कि हम बेरोजगार होकर अपने परिवार का लालन-पालन करने में असमर्थ हो जाएंगे। तुलावटियों ने कहा कि हम पूरी तरह तुलावटी के कार्य पर ही निर्भर है। ज्ञापन में कहा गया है कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किसान हित में कई महत्वपूर्ण काम किया जा रहे हैं, लेकिन मंडी तुलावटी भी हमेशा मंडी का अहम हिस्सा रहे है। तुलावटियों द्वारा लगातार मंडी और किसान हित में सेवाएं दी गई हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि हमारे लिए कोई अन्य रोजगार संबंधित अवसर पैदा किया जाए। तुलावटियों को मंडी कर्मचारी या आउटसोर्स कर्मचारी घोषित किया जाए। बताते चलें कि नीमच में करीब 170 तुलावटी लाइसेंस धारी है।