नीमच। जिले में स्थित वक्फ बोर्ड की करोड़ों की संपत्ति का भौतिक सत्यापन जल्द शुरू होगा। यह सत्यापन जिला वक्फ कमेटी द्वारा किया जाएगा और भौतिक सत्यापन के बाद स्थानीय प्रबंध समितियों का गठन भी होगा।
दरअसल, वक्फ संशोधन बिल पास होने के बाद अब नीमच जिले में वक्फ की संपत्तियों पर कहां और किसने कब्जा कर रखा है इसकी तस्वीर साफ होगी। संशोधन बिल के अनुसार छह महीने के भीतर वक्फ संपत्ति को सेंट्रल डेटा बेस पर रजिस्टर्ड करना अनिवार्य होगा। ऐसे में जिला वक्फ कमेटी हरकत में आ गई है। हालांकि वक्फ कमेटी नीमच जिला के द्वारा शासन के राजपत्र में दर्ज संपत्ति की सूची के अनुसार ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में वक्फ की संपत्तियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस सत्यापन के दौरान यह भी देखा जाएगा कि वक्फ की संपत्ति पर किसी का एकाधिकार तो नहीं है। भौतिक सत्यापन के बाद जिला कमेटी द्वारा वक्फ की संपत्तियों को कब्जे से मुक्त कराया जाएगा।
वहीं वक्फ नीमच जिला कमेटी के अनुसार जमीनों का सीमांकन कराने के बाद इनसे होने वाली आय से गरीबों को आर्थिक मदद पहुंचाई जाएगी। मामले में वक्फ कमेटी जिला सचिव सादिक हुसैन ने बताया की जिला वक्फ कमेटी द्वारा शीघ्र ही वक्फ की संपतियों का भौतिक सत्यापन कर सीमांकन भी कराया जाएगा। जहां- जहां भी कब्जे हैं, उन्हें मुक्त कराया जाएगा।