देवास। भगवान महावीर की जयंती के उपलक्ष्य में वाहन रैली का आयोजन किया गया। यह रैली जैन समाज के सामाजिक संगठनों और जैन महासंघ की प्रेरणा से आयोजित की गई, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने भाग लिया।वाहन रैली का शुभारंभ सयाजी द्वार से हुआ, जिसे समाज के वरिष्ठ सदस्य बाबूलाल जैन, नगर निगम सभापति रवि जैन, नीलेश छाबड़ा और मनीष कायथा ने धर्म ध्वजा दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जैन मंदिरों के पदाधिकारियों के साथ-साथ समाज की महिलाओं और बालिकाओं का भी विशेष सम्मान किया गया। उन्हें मालाएं पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर समाज द्वारा सम्मानित किया गया।रैली सयाजी द्वार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों और जैन मंदिरों से होते हुए सुतार बाखल स्थित श्री चंदा प्रभु स्वामी मणिभद्र वीर जैन मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। रैली में शामिल श्रद्धालु हाथों में धर्म ध्वजा और श्अहिंसा परमो धर्मःश् जैसे संदेश वाली तख्तियां लेकर चल रहे थे। धार्मिक गीतों और भजनों के बीच रैली ने पूरे शहर को धार्मिक उल्लास से भर दिया।