उज्जैन। शनिवार को हनुमान जयंती पर उज्जैन में हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। शहर के प्रमुख मंदिरों में एक दिन पहले से तैयारी शुरू हो गई थी। कई मंदिरों में विद्युत सज्जा के साथ सुन्दर कांड का पाठ भी हुआ। हनुमान जयंती पर सुबह से अलग-अलग मंदिरों में कार्यक्रम होंगे। गेबी हनुमान मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ सुबह से रही। मंदिर में भगवान का सिंहासन पर बैठे आभूषण और वस्त्र अर्पित कर श्रंगार किया गया। मंदिर के गर्भगृह को फूलों से सजाया गया है। मंदिर के पुजारी महंत स्कन्द दास ने बताया कि हनुमान जयंती पर भगवान गेबी हनुमान जी के मंदिर में भक्तों के लिए 51 लीटर दूध से बनी खीर और 101 किलो के हलवे का प्रसाद वितरित किया जा रहा है।
शहर के प्रमुख मंदिरों में से एक जूना महाकालेश्वर प्रांगण स्थित जय श्री बाल विजय मस्त हनुमान मंदिर से शनिवार शाम को 6.30 बजे जुलूस निकलेगा। जिसमें बाबा बाल हनुमान पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। यहां एक क्विंटल नुक्ती का महाभोग भी लगाया जाएगा।
शांतु जी महाराज ने बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी बाल विजय मस्त हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर प्रातःकाल 9 बजे मंगला आरती के बाद महाभोग लगेगा। दोपहर दो बजे अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति होगी। शाम 6 बजे मुख्य आरती के पश्चात श्री बाल हनुमान जी के रजत उत्सव विग्रह को पालकी में विराजमान कर पूजन किया जाएगा। जिसके बाद बाल हनुमान बैंड-बाजे, ध्वज-पताका, हाथी-घोड़े और झांकियों के कारवां के साथ नगर भ्रमण पर निकलेंगे।
श्री खेड़ापति हनुमान मन्दिर पर विशेष चोला श्रृंगार
भैरवगढ़ क्षेत्र के जेल तिराहा स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मन्दिर पर भी हनुमान जयंती उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। हनुमानजी को विशेष चोला-श्रृंगार चढ़ाया जाएगा। शाम 7 बजे संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन होगा। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। मान्यता के अनुसार इस मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ व पूजन करने से सुख, शान्ति, स्वास्थ्य, सुरक्षा, दीर्घायु की प्राप्ति होती है।