खरगोन। शहर के काजीपुरा गौशाला मार्ग स्थित सगरवंशी माली समाज धर्मशाला में प्राण- प्रतिष्ठा महोत्सव के साथ ही शिक्षा एवं सामाजिक क्रांति की जनक ज्योतिराव- सावित्रीबाई फुले की जयंती समारोहपूर्वक मनाई। यहां आयोजित समारोह में बतौर अतिथि विधायक बालकृष्ण पाटीदार भी शामिल हुए। आयोजित समारोह में विधायक पाटीदार ने कहा आप उन सगरवंशी महाराज के वंशज हो जिन्होंने गंगा को धरती पर लाने के लिए तप किया था, आप ने भी इस मंदिर में श्रीराम दरबार, शिव परिवार, हनुमंत के बाद अब राधेकृष्णजी की प्रतिमा स्थापित कर इस परिसर को तीर्थ बना दिया है। विधायक ने समाज की धर्मशाला के विकास कार्याे के लिए 10 लाख रुपए की विधायक निधि से सहायता देने की घोषणा भी की। पंडित राजेंद्र परसाई ने बताया कि प्राण- प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत जलाधिवास, फलाधिवास, गृह स्थापना के साथ ही प्रतिमाओं को दसविधी स्नान के बाद विराजित किया गया। मुख्य यजमान जगदीश- ममता परमार ने प्राण- प्रतिष्ठा पूजन संपन्न किया। समाज के वरिष्ठ बाबूलाल राठौर ने बताया कि समाज की धर्मशाला स्थित मंदिर में श्री राधाकृष्ण भगवान की प्रतिमाओं का तीन दिवसीय प्राण- प्रतिष्ठा समारोह समाजसेवी जगदीश परमार के परिवार द्वारा आयोजित किया गया। प्राण- प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन विधायक पाटीदार ने स्थापित प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन कर महाआरती की। इस दौरान हवन पुर्णाहुति के बाद भंडारा प्रसादी का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में माली समाजजनों सहित क्षेत्रवासियों ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान नगरपालिकाध्यक्ष श्रीमति छाया जोशी, किशोर परमार, सहीत अनेक मौजूद थे।