नीमच। देश दुनिया के साथ नीमच में भी आज शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। शहर के साथ अंचल के सभी छोटे बड़े हनुमान मंदिरों में भगवान बजरंगबली के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में नीमच शहर के गोदाम बालाजी मंदिर पर श्री हनुमान जन्मोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसके तहत आज जन्मोत्सव पर महाआरती का आयोजन किया गया। साथ ही सप्त कुंडी महायज्ञ भी किया गया। जिसमें कई दम्पति शामिल हुए और हवन में आहुति दी। वहीं हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर को आकर्षक विद्युत साज से सजाया गया है।
इस अवसर पर भगवान बजरंगबली को चोला चढ़कर आकर्षित रूप से सजाया गया है। हनुमान जयंती पर बड़ी संख्या में लोग भगवान हनुमान जी के दर्शन करने के लिए सह परिवार मन्दिर पहुंचे। शनिवार शाम को महाआरती का आयोजन किया जाएगा और रात में भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। जिसमें भजन गायक सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। गौरतलब है कि गौ धाम बालाजी मंदिर का संचालन विश्व हिंदू परिषद नीमच शाखा के द्वारा किया जा रहा है।