नीमच। जिले के ग्राम चीताखेड़ा में एक सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। दशहरा मैदान के पास सर्वे नंबर 482 की जमीन पर विवाद चल रहा है। तहसीलदार जीरन के अतिक्रमण हटाने के आदेश के बावजूद पटवारी नरेंद्र योगी ने अतिक्रमणकर्ता से एक लाख रुपए दिलवाकर मामले का निपटारा करा दिया। इस घटना का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में शिकायतकर्ता महिला को रुपए देकर समझौते पर हस्ताक्षर करते हुए देखा जा सकता है।

इस पूरे मामले का खुलासा होने पर जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने पटवारी नरेंद्र योगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं वीडियो में दिख रहे दूसरे पटवारी प्रदीप पाटीदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बताया गया है कि विवादित जमीन पर पहले नानीबाई पत्नी दौलतराम मेघवाल का कब्जा था। बाद में गांव की चतरी बाई पत्नी हरिसिंह बंजारा ने मारपीट कर नानीबाई को बेदखल कर दिया। नानीबाई ने कलेक्टर से शिकायत की थी। पिछले साल 6 दिसंबर को तत्कालीन तहसीलदार ने ढाई बीघा की इस सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया था। कार्रवाई के दौरान अवैध खेती को भी नष्ट किया गया था।

एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि आगामी दो से तीन दिनों में इस सरकारी जमीन से फिर से कब्जा हटाया जाएगा। वीडियो सामने आने के बाद एक पटवारी को निलंबित किया गया है। जबकि दूसरे को नोटिस जारी किया जा रहा है।
