खरगोन। शहर सहित समूचे अंचल में शनिवार को वीर बजरंगी का प्राकटोत्सव धुमधाम से मनाया गया। सुबह 6 बजते ही भगवान सूर्यनारायण की पहली किरण के साथ तमाम मंदिर मनोजवं मारुत तुल्य वेगं..., हे दुरूख भंजन राम दुलारे आन पड़ा अब तेरे द्वारे..., बजरंगी की पूजा से सब काम होते है..., जय हनुमान ज्ञान गुण सागर, जय कपिश तिहु लोग उजाकर..., दुनिया चले ना श्रीराम के बिना..., लाल लंगोटो हाथ में सोटो थारी जय हो पवन कुमार... और अंजनी के लाल के भजनों और जयकारों से गूंज उठे। हर कोई ब्रह्मड्ढ मुहूर्त में मंदिर पहुंचकर श्री बाल हनुमान की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखाई दिया। मंदिरों में एक दिन पूर्व ही अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड, अभिषेक, हवन, पूजन, अर्चन आदि का दौर रातभर चलता रहा। लोगों ने रामायण व खासकर सुंदर कांड, हनुमान चालीसा, हनुमान अष्टक, बजरंग बाण का पाठ और हवन पूजन किया। सुबह 6 बजते ही पलना झुलाकर हनुमानजी का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। दोपहर 12 बजे से महाआरती के बाद वीर बजरंगी को भोग लगाया गया। इसके बाद भंडारों का दौर शुरु हुआ जो देर शाम तक चलता रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। श्री हनुमान जन्मोत्सव को लेकर बाबा की प्रतिमा सहित मंदिरों को विशेष रूप से श्रृंगारित किया गया था। हनुमान जन्मोत्सव पर दिनभर मंदिरों में जय हनुमान व जयश्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। कुंदा तट स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने भी दर्शन पूजन कर महाआरती में शामिल हुए।