सरवानिया महाराज। जन शिक्षा केंद्र सरवानिया महाराज के अंतर्गत आने वाली शाला शासकीय माध्यमिक विद्यालय ढाबा की छात्रा भावना जाटव एवं एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय आमली भाट के छात्र नरेंद्र धनगर का राष्ट्रीय मींस कम मेरिट प्रतियोगी परीक्षा में चयन हुआ है। यह परीक्षा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती है। इस परीक्षा में चयन होने वाले विद्यार्थी को कक्षा 9 वीं से लेकर 12 वीं तक प्रत्येक विद्यार्थी को प्रति माह 1000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती हैं। इस परीक्षा में पूरे नीमच जिले से 59 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। दोनों छोटे गांव से विद्यार्थियों का इस परीक्षा में चयन होना गांव एवं विद्यालय के लिए गौरव की बात हैं। ग्राम पंचायत आमली भाट के सरपंच प्रतिनिधि भंवर सिंह हाडा एवं दोनों शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं गांव वासियों द्वारा दोनों विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। साथ ही विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई।