नीमच। सावन मास के पावन अवसर पर 168 वर्ष प्राचीन मनोकामना महादेव मंदिर परिसर स्थित मुक्तिधाम उद्यान में शनिवार सुबह पर्यावरण संरक्षण को समर्पित पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्प्रिंग वुड विद्यालय के 50 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान मनोकामना महादेव के शिवलिंग पर जलाभिषेक, पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर समिति के संरक्षक शिव माहेश्वरी एवं अध्यक्ष दिलीप छाजेड़ ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव का फूलों, रुद्राक्ष, तिरंगा एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक आकर्षक झांकियों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से झांकी दर्शन एवं जलाभिषेक में सहभागी बनने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान आंवला, नीम सहित विभिन्न औषधीय एवं छायादार पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों को पौधों की सिंचाई, देखभाल, खाद एवं संरक्षण संबंधी उपयोगी जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए प्राणवायु का प्रमुख स्रोत हैं, इसलिए पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर डॉ. विनोद शर्मा, रमेश जायसवाल, चंपालाल पाटीदार, अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डॉ. अर्जुन सिंह जायसवाल, पंडित डॉ. लोकेश जोशी, मीरा जोशी, गाइड कैप्टन सुनीता चौधरी, एनसीसी अधिकारी कुलदीप सिंह चंद्रावत सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन स्प्रिंग वुड स्कूल के स्काउट-गाइड दल द्वारा स्काउट-गाइड स्कार्फ दिवस के उपलक्ष्य में किया गया।