नीमच। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जावद थाना क्षेत्र की नयागांव पुलिस चौकी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सांगवान ट्रेवल्स की बस से 65 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर नयागांव फोरलेन टोल प्लाजा के पास शनिवार रात नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान राजस्थान की ओर जा रही सांगवान ट्रेवल्स की बस (एमपी-44-जेडएफ-4005) की तलाशी लेने पर छह बैगों में भरा कुल 65 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से बस में सफर कर रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
गिरफ्तार सभी आरोपी राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई में नयागांव पुलिस चौकी की टीम की सराहनीय भूमिका रही।