गरोठ/शामगढ़। सुवासरा तहसील क्षेत्र के ग्राम सेमली काकड़ स्थित कृषि भूमि को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। गुराड़िया बामणी निवासी किसान बद्रीसिंह पिता मांगूसिंह परिहार ने पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार, उनके परिजनों एवं अन्य लोगों पर जमीन पर अतिक्रमण, धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए मंदसौर पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
आवेदन के अनुसार, किसान ने करीब दो वर्ष पूर्व सेमली काकड़ स्थित सर्वे नंबर 7 की 1.62 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी थी। उनका आरोप है कि पड़ोसी भूमि से जुड़े कुछ लोगों द्वारा धीरे-धीरे उनकी जमीन पर अतिक्रमण किया गया। हाल ही में भूमि पर खाई खोदने का विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया। किसान का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पहले तहसीलदार एवं पुलिस को भी शिकायत दी थी।
किसान का आरोप है कि अगले दिन पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार, उनके परिजन एवं अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोबारा भूमि पर अतिक्रमण किया तथा विरोध करने पर उन्हें जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
किसान ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, भूमि का सीमांकन कराने तथा दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वह स्वयं और उनका परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
उधर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी क्षेत्र में चर्चाएं हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी और न ही इस संबंध में पुलिस या पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार का पक्ष सामने आया था। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी थी।