कंजार्डा। समीपस्थ ग्राम पंचायत चौकड़ी निवासी डाक्टर की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जिनका अंतिम संस्कार चौकड़ी ग्राम में किया गया। अंतिम संस्कार में गांव के प्रबुद्धजनों ने पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि दी। जबकि इस दुर्घटना में उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। चौकड़ी निवासी सुनील पिता प्रहलाद धाकड़ 26 वर्ष उनके दोस्त हरीश धाकड़ 26 वर्ष के साथ बाइक से राजस्थान के सीकर जिले के खाटू श्याम से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की गुलाबपूरा तहसील में डाक्टर की बाइक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। इसमें डाक्टर सुनील धाकड़ की दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनके दोस्त हरीश धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक सुनील धाकड़ का गुलाबपुरा पुलिस ने पीएम करवाकर शव परिजनों को सौंप मार्ग कायम किया, जिनका मंगलवार को चौकड़ी गांव में अंतिम संस्कार किया गया। मृतक की सिंगोली में शासकीय नौकरी लगी थी लेकिन उन्होंने मानव सेवा को देखते हुए नौकरी छोड़ कर कंजार्डा में क्लिनिक खोलकर ग्रामीणों की सेवा का रास्ता अपनाया था, जिनकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। ग्रामीणों को उचित उपचार मिले इसके लिए पूर्व में कैंप भी आयोजित करवाए, जिसका लाभ ग्रामीणों को मिला। आज वे सभी बड़े दुखी है कि सेवा का कार्य करने वाला हमारे बीच से चला गया। मौत की खबर कंजार्डा पठार क्ष्ज्ञेत्र में लगी तो मातम छा गया।