भोपाल। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 27 नागरिकों की मौत हुई। इस घटना के बाद एमपी कांग्रेस ने अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने की मांग की है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। इसमें इस साल जुलाई महीने से शुरू हो रही पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षात्मक इंतजाम करने की मांग की है।
आतंकी हमले के बाद श्रद्धालुओं के मन में डर का माहौल
विवेक त्रिपाठी ने अपने पत्र में लिखा, हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में निर्दाेष पर्यटकों पर पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा बर्बर हमला किया गया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और श्रद्धालुओं तथा उनके परिवारजनों के मन में गहरा भय पैदा हुआ है।
पिछली आतंकी घटनाओं का भी पत्र में किया जिक्र
विवेक ने अपने पत्र में पिछले सालों की आतंकी घटनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें उरी, अनंतनाग, पुलवामा, रियासी और हाल ही की पहलगाम की घटनाएं शामिल हैं। इन घटनाओं को ध्यान में रखते हुए त्रिपाठी ने भारत सरकार से अपील की है कि इस साल की अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती, मार्ग की निगरानी, चिकित्सा सुविधा और संचार व्यवस्था जैसी जरूरी तैयारियों को प्राथमिकता दी जाए।
खासकर मध्यप्रदेश से अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर सशक्त योजना बनाने की मांग की है।