श्योपुर। जिले के ललितपुरा वेयरहाउस स्थित नयागांव सहकारी संस्था के गेहूं उपार्जन केंद्र पर पिछले चार दिनों से खरीदी कार्य पूरी तरह से रुका हुआ है। सोमवार को किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंडला के नेतृत्व में किसानों ने बड़ौदा तहसील कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
किसान नेता ने श्योपुर एसडीएम और बड़ौदा तहसीलदार से फोन पर चर्चा की। अधिकारियों ने उपार्जन केंद्र जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया। बड़ौदा तहसील के राजस्व निरीक्षक दिव्यराज धाकड़ ने भी शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
किसानों का कहना है कि उन्होंने 29 अप्रैल तक के लिए खरीदी स्लॉट बुक करवा रखे हैं। उपार्जन कार्य बंद होने से स्लॉट कैंसिल होने की स्थिति बन रही है। खरीदी न होने से सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गई हैं।
30 अप्रैल को क्षेत्र में सैकड़ों शादी-विवाह कार्यक्रम होने वाले हैं। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ने और दुर्घटनाओं की आशंका है। किसान नेता राधेश्याम मीणा ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि किसान गर्मी में सड़क किनारे खड़े रहने को मजबूर हैं। जल्द समाधान न होने पर किसान उग्र आंदोलन करेंगे।