भोपाल। मीणा समाज शक्ति संगठन ने रविवार को गांधी भवन में अपनी प्रदेश स्तरीय बैठक की। बैठक में निर्णय लिया कि पिछड़े वर्ग के छात्रों के सेंट्रल कास्ट सर्टिफिकेट की वैलिडिटी 5 साल की कराई जाएगी। अभी इसकी वैलिडिटी सिर्फ 1 साल की हैं।
बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम मीणा और प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार पटेल ने यह प्रस्ताव रखा है। संगठन अपनी मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेगा, आंदोलन और प्रदर्शन भी करेगा।
1 मई से प्रदेश में सदस्यता अभियान की शुरुआत
महामंत्री माखन मीणा ने बताया कि 1 मई से प्रदेश में सदस्यता अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसमें सामान्य और सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। प्रदेश प्रवक्ता घनश्याम रावत ने कहा कि जून और जुलाई माह में संगठन की कार्यकारिणी का गठन होगा। इस साल प्रदेश स्तरीय प्रैक्टिस सेशन गांधी सागर डेम पर आयोजित किया जाएगा।
संगठन के स्थापना दिवस पर ‘गोत्र वाटिका’ बनेगी
मीणा समाज के विभिन्न जिलों में प्रैक्टिस सेशन अगस्त में आयोजित होंगे। वहीं, प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह सितंबर में होगा। संगठन के स्थापना दिवस पर पूरे प्रदेश में कुल गोत्र के पौधों का रोपण कर ‘गोत्र वाटिका’ बनाई जाएगी।
समाज 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की लड़ाई लड़ेगा
मीणा समाज मध्य प्रदेश के पिछड़े वर्ग में शामिल है। इसलिए समाज 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की लड़ाई भी लड़ेगा। संगठन विस्तार के लिए प्रदेश को चार प्रांतों में बांटा गया है। मध्य भारत, मालवांचल, नर्मदांचल और चंबल प्रांत बनाए गए हैं। इससे संगठन का विस्तार और प्रवास कार्य में सुविधा होगी।
बैठक में भोपाल अध्यक्ष जितेंद्र मीणा, गुना अध्यक्ष पुरुषोत्तम मीणा, प्रांतीय संयोजक रूप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष रामगोपाल मीणा समेत कई जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।