नीमच। शहर के इंदिरा नगर कॉलोनी के निवासियों ने आज कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर मनासा रोड से दीनदयाल वाटिका के मेन रोड़ के निर्माण की मांग करते हुए आवेदन दिया। इंदिरा नगर के निवासियों ने अपने आवेदन में कहा है कि संबंधित ठेकेदार ने रोड निर्माण के लिए कच्चे रोड को पिछले चार माह से खोद कर छोड़ दिया है। जिसकी वजह से रहवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोड पर धूल उड़ने से आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाएं भी होती है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों रहवासियों ने अपनी मांग को लेकर नगर पालिका में ढोल नगाड़े बजाकर प्रदर्शन किया था। बताते चले की दो माह बाद वर्षा काल की शुरुआत हो जाएगी जिससे परेशानी और बढ़ेगी। आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि सड़क बनाने का काम तुरंत शुरू नहीं किया गया तो कॉलोनी के रहवासियों को चक्का जाम और नगर पालिका कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होना पड़ेगा।