भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और महिला नेत्रियों को अभद्र कॉल्स आए। एआईसीसी का नाम बताकर पद का प्रलोभन दिया गया। इसके साथ ही अभद्र भाषा में बातचीत की गई। तीन से चार महिला नेत्रियों ने इसकी शिकायत पार्टी से की। जिसके बाद एमपी कांग्रेस ने अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को कांग्रेस नेत्रियों को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नाम से फेक कॉल आए। जिसमें महिला नेताओं को पद और प्रलोभन दिया गया। साथ ही अभद्र भाषा में बातचीत भी गई है। तीन-चार महिला नेत्रियों ने इसकी शिकायत प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी से की। इसके बाद पार्टी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए अलर्ट जारी किया।
एमपी कांग्रेस ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- महत्वपूर्ण सूचना रू हमारी जानकारी में आया है कि कतिपय असामाजिक तत्वों द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नाम से 9352597073 व 9116359721 इस प्रकार के कुछ नंबरों से मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं व महिला कार्यकर्ताओं को अभद्र भाषा में कॉल किए जा रहे हैं। आग्रह है कि सभी साथी ऐसे नंबरों से कॉल आने पर तुरंत पुलिस में शिकायत करें। प्रदेश कांग्रेस द्वारा भी इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को लिखित शिकायत दी जा रही है।