रतलाम। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर श्रम संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में वाहन रैली निकाली गई। अलकापुरी चौराहे से शुरू हुई रैली में श्रमिकों ने मजदूर हितों से जुड़े नारे लगाए और सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों का विरोध किया।
नगर निगम चौराहे पर हुई सभा
कॉमरेड नरेंद्र जोशी, चरण सिंह, राजेश सक्सेना और एमएल नागावत के नेतृत्व में रैली चेतक ब्रिज, जीपीओ रोड, लोकेंद्र टॉकीज, जेल रोड होते हुए कॉलेज रोड से गुजरी। नगर निगम चौराहे पर रैली सभा में तब्दील हो गई।
20 मई को देशव्यापी हड़ताल
श्रम संगठनों की संयुक्त समिति अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार के चार लेबर कोड के विरोध में 20 मई को देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। मांगें नहीं मानी गईं तो आगामी लोकसभा सत्र में सदन का घेराव किया जाएगा।
श्रमिक हितों की मांग
इंटक काउंसिल के भंवरसिंह ने कहा कि सरकार पूंजीपतियों के इशारे पर दमनकारी नीतियां बना रही है। विभिन्न श्रमिक संगठनों के नेताओं ने संविदा कर्मियों के वेतन भत्ते और एरियर भुगतान की मांग की। कार्यक्रम में एचएन जोशी और गीतादेवी राठौड़ को श्रम वीर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।