भोपाल। आज से तीस मई तक के लिए तबादलों का मौसम शुरू हो गया है और तबादले के इच्छुक अधिकारी-कर्मचारी तबादला कराने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी जुटाने में जुटे हैं। इस बीच प्रदेश में आईएएस और आईपीएस अफसरों के तबादले होना भी तय माना जा रहा है। जबलपुर कमिश्नर अभय कुमार वर्मा के रिटायर होने के बाद यहां अभी नए अधिकारी की पोस्टिंग किया जाना बाकी है, वहीं इसी माह 31 मई को दतिया कलेक्टर संदीप कुमार मॉकिन और 30 जून को सागर संभागायुक्त वीरेंद्र सिंह रावत भी रिटायर हो जाएंगे।
जबलपुर कमिश्नर अभय वर्मा 30 अप्रेल को रिटायर हो गए हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद अब जबलपुर संभागायुक्त के पद के लिए सचिव स्तर के अधिकारी की पोस्टिंग होना है। प्रदेश के बड़े संभागों में शामिल जबलपुर कमिश्नर बनने के लिए कुछ आईएएस अधिकारी लॉबिंग भी कर रहे हैं और माना जा रहा है कि सीएम मोहन यादव की हरी झंडी मिलते ही इसी सप्ताह किसी अधिकारी की पदस्थापना जबलपुर संभागायुक्त के पद पर हो जाएगी।
इसी तरह सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव पद पर कार्यरत शैलबाला मार्टिन भी 30 अप्रेल को रिटायर हो गई हैं। इसके बाद 31 मई को दतिया कलेक्टर मॉकिन का रिटायरमेंट है। इसलिए दतिया समेत कुछ अन्य जिलों के कलेक्टरों को बदला जा सकता है। वहीं सागर संभागायुक्त वीरेंद्र सिंह रावत का रिटायरमेंट जून में होना है।