विदिशा। जिले की आशा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर डिप्टी कलेक्टर संतोष बिटोलिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने वार्षिक वेतन वृद्धि की मांग की है।
आशा कार्यकर्ता राम सखी के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 29 जुलाई 2023 को भोपाल के जमुरी मैदान पर प्रति वर्ष 1000 रुपए वेतन वृद्धि की घोषणा की थी। महिला बाल विकास विभाग की कार्यकर्ताओं को बढ़ा हुआ वेतन मिल रहा है। परंतु आशा कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव हो रहा है।
आशा कार्यकर्ता रीढ़ की हड्डी
स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ताओं को रीढ़ की हड्डी कहा जाता है। सीमा रघुवंशी ने बताया कि 2023 में सरकार द्वारा दिए गए वेतन वृद्धि के आश्वासन का अभी तक पालन नहीं हुआ है। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि 7 दिन के भीतर मांगें नहीं मानी गईं तो वे एचएम का घेराव करेंगी। इस मुद्दे पर कार्यकर्ता पहले भी कई बार ज्ञापन दे चुकी हैं।