इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती वर्ष की स्मृति को चिरस्थायी रूप देने के उद्देश्य से इंदौर में 20 मई को एक विशेष कैबिनेट बैठक का आयोजन किया जाएगा। यह बैठक इंदौर के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व वाले राजवाड़ा परिसर में आयोजित होगी।
सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की प्रतीक देवी अहिल्याबाई को सम्मान देने के लिए यह बैठक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आयोजित की जा रही है। बैठक की प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
इस उच्च स्तरीय बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा, स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह, आईडीए सीईओ आरपी अहिरवार, एडीएम रोशन राय सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं, मंत्री गणों और वरिष्ठ अधिकारियों के आवास, परिवहन, यातायात, बैठक स्थल की तैयारी और भोजन आदि की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और आयोजन की गरिमा के अनुरूप पूरी की जाएं ताकि किसी भी अतिथि को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
प्रशासन ने राजबाडा को भव्य रूप से सजाने, सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। यह आयोजन न केवल देवी अहिल्याबाई के योगदान को श्रद्धांजलि है, बल्कि इंदौर के सांस्कृतिक गौरव को भी रेखांकित करेगा।