मंदसौर। जिले के सेजपुरिया गांव में शुक्रवार को सीआरपीएफ में 38 साल की सेवा पूरी कर लौटे भगीरथ गहलोत का स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने फूलों से सजे वाहन में सैनिक को बैठाकर गांव में तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान गांव में जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए, ढोल-नगाड़ों की थाप पर फूलों से सजे विशेष वाहन में भगीरथ को गांव में लाया गया। गांव में निकली रैली में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इस मौके पर गणमान्य लोगों ने शॉल-श्रीफल भेंट कर भगीरथ का सम्मान किया। सरपंच प्रतिनिधि विक्रम अहिरवार, जिला पंचायत सदस्य बसंतीलाल मालवीय, जनपद सदस्य विकास दसोरा और सीआरपीएफ के जवान लाल सिंह पंवार सहित कई नागरिक मौजूद रहे।