भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भिंड जिले में एसपी असित यादव द्वारा पत्रकारों के साथ मारपीट करने के मामले में सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मारपीट के शिकार हुए पत्रकारों के साथ वीडियो कॉल कर बातचीत की है और कहा,
खनन माफियाओं को लेकर सवाल पूछने पर पत्रकारों को पुलिस द्वारा थाने में चप्पलों से पीटा जाता है, तो आम जनता की क्या बिसात बचती है? क्या भाजपा शासित मध्यप्रदेश में ष्नया लोकतंत्रष् है? मुख्यमंत्री इस इस घटना पर कार्रवाई करेंगे या चुप्पी साधकर यह संदेश देंगे कि माफियाओं के संरक्षण में पुलिस की गुंडागर्दी मोहन यादव की सरकार में फल-फूल रही है?
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्वीट कर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा है कि कई पत्रकारों को चप्पलों से पिटवाना क्या भाजपा शासित मध्यप्रदेश में नया लोकतंत्र है? जिस खाकी वर्दी को जनता की सुरक्षा के लिए पहनाया गया, वह अब आतंक और दमन का प्रतीक बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि खनन माफियाओं को लेकर सवाल पूछने पर अगर पत्रकारों को पुलिस थाने में चप्पलों से पीटा जाता है तो आम जनता की क्या बिसात बचती है?
पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल कर कहा है कि आप लोकतांत्रिक राज्य के मुख्यमंत्री हैं या एक अघोषित तानाशाही के संचालक हैं? आपका राज विरोध को कुचलने, अभिव्यक्ति को दबाने और संविधान के मूल्यों को रौंदने का परिचायक बनता जा रहा है।
क्या आप इस घटना पर कार्रवाई करेंगे या चुप्पी साधकर यह संदेश देंगे कि माफियाओं के संरक्षण में पुलिस की गुंडागर्दी आपकी सरकार में फल-फूल रही है? गौरतलब है कि दो दिन पहले भिंड के पत्रकारों ने वीडियो वायरल कर कहा था कि एसपी ने उन्हें आफिस बुलवाकर गाली गलौज की है और कुछ पत्रकारों के साथ पुलिस ने मारपीट भी की है।