कुकड़ेश्वर। जिले की तहसील कुकड़ेश्वर के टप्पा नगर कुकड़ेश्वर में कलेक्टर के आदेशानुसार चंपा बाजार स्थित पटेल चौराहे पर ई-केवाईसी शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु ई-केवाईसी की सुविधा प्रदान करना था।
शिविर में मुख्य रूप से पटवारी प्रवीण कुमावत, नगर पटेल, राजेंद्र पटेल, नगर परिषद प्रतिनिधि गोपाल मोर, कोटवार कारूलाल खींची एवं बंसीलाल खींची की उपस्थिति रही। शिविर में बड़ी संख्या में किसान लाभार्थी पहुंचे और अपनी ई-केवाईसी करवाई।
कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर में एक विशेष केवाईसी दल का गठन किया गया है, जो घर-घर जाकर नागरिकों की ई-केवाईसी सुनिश्चित कर रहा है। इस दल के साथ नायब तहसीलदार नवीन सलोत्रा स्वयं नगर में भ्रमण कर शिविर का निरीक्षण कर रहे हैं।
नगर को योजनाओं के क्रियान्वयन में नंबर वन बनाने हेतु सभी लोग अपनी ई-केवाईसी शीघ्रता से पूर्ण कराएं और शासन की योजनाओं का भरपूर लाभ लें। पटवारी प्रवीण कुमावत ने बताया कि नगर में अलग-अलग स्थानों पर भी ई-केवाईसी का कार्य किया जा रहा है।