जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी है। एमपी हाईकोर्ट परिसर में भव्य मल्टीलेवल पार्किंग और लॉयर्स चौंबर का निर्माण होने जा रहा है। करीब 117 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मल्टीपरपज बिल्डिंग में वकीलों के लिए तमाम सुविधा रहेंगी।
यहाँ क्लिक करें
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के अधिवक्ता पिछले लंबे समय से लॉयर्स चौंबर की कमी और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से जूझ रहे थे और हर बार उनके द्वारा यह मांग उठाई जाती रही लेकिन अब जाकर उनकी इस मांग को पूरा किया जा रहा है। रविवार को एक गरिमामय समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लॉयर्स चौंबर और मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण का भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जेके माहेश्वरी, जस्टिस एससी शर्मा के अलावा मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत सहित अन्य न्यायाधीश गण और अधिवक्ता मौजूद रहे। वर्षों पुरानी मांग के पूरा हो जाने पर अधिवक्ताओं ने खुशी जताई है। उनका कहना है कि करीब 6000 अधिवक्ताओं को बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा अव्यवस्थित पार्किंग वकीलों के लिए एक बड़ी समस्या थी। मल्टीलेवल पार्किंग और लॉयर्स चौंबर के निर्माण के बाद वकीलों को इन तमाम समस्याओं से काफी राहत मिलेगी।