देवास। दलित युवक की बारात पर पथराव कर बारातियों व दुल्हे के साथ मारपीट करने वालों पर कार्यवाही की मांग को लेकर अखिल भारतीय बलाई महासंघ, भीम आर्मी एवं अन्य बहुजन समाज के संगठनों ने बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में संयुक्त रूप से एसपी कार्यालय में जमकर नारेबाजी करते हुए करीब 30 मिनिट तक धरना दिया एवं पुलिस अधीक्षक पुनित गेहलोत के नाम एडीशनल एसपी जयवीर सिंह भदोरिया को ज्ञापन सौंपा।अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने बताया कि अभिषेक नामक युवक की बारात ग्राम दुधलाई पहुंची थी। बारात जब गांव के मुख्य मार्गों से निकाली जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने जुलूस का विरोध किया और मारपीट कर दी। परिजन जब शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो कोई सुनवाई नहीं हुई।जिसको लेकर समाज के लोग देवास पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की, बल्कि बारात को सम्मानपूर्वक पुनः निकालने की भी गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने समाजजनों को आश्वासन दिया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा कि वे खुद पुलिस टीम के साथ समाजजनों को मंदिर तक ले जाएंगे, जहां वे जाना चाहते हैं। सोनकच्छ पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।