नीमच। नगर पालिका में आज पीआईसी की बैठक नहीं हो पाई है। बैठक के ना होने के कारणों को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। बताते चले कि आज पीआईसी की बैठक में 48 प्रस्तावों को लेकर चर्चा होनी थी। नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष के साथ आपसी समन्वय ना होने के कारण सभापति पीआईसी की बैठक में नहीं पहुंचे।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका में व्यापक भ्रष्टाचार, अनियमितता और विकास कार्य में होने वाले भेदभाव को लेकर विपक्ष के साथ-साथ भाजपा पार्षदों में भी नाराजगी है। प्रजापति ने मनोहर मोटवानी के हस्ताक्षर को लेकर भी सवाल खड़े किए। वहीं नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा का कहना है कि मांगलिक कार्यक्रमों की अधिकता होने के कारण कुछ सभापति पीआईसी की बैठक में नहीं पहुंच पाए। नेता प्रतिपक्ष का आरोप बेबुनियाद है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में विकास कार्य निरंतर जारी है।
गौरतलब है कि नगर पालिका अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष एक दूसरे पर झूठ बोलने का आरोप लगा रहे है। खामियाजा शहरवासियों को भुगतना है। फिलहाल बैठक का स्थगित होना जन चर्चा का कारण भी बन गया है।