भोपाल। वक्फ बिल में हुए संशोधन को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में वक्फ सुधार जन जागरण कार्यक्रम का आयोजन होगा। सीएम डॉ मोहन यादव प्रबुद्धजनों को वक्फ बिल में हुए संशोधनों के फायदे बताएंगे। दोपहर 2 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में सीएम डॉ मोहन यादव, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सनवर पटेल, बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.एम एजाज खान मौजूद रहेंगे।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष बोले- विपक्ष ने भ्रम फैलाया
एमपी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ.सनवर पटेल ने कार्यक्रम को लेकर कहा- वक्फ कानून जो नया आया है उसको लेकर विपक्ष ने भ्रम और झूठ फैलाने की कोशिश की। लेकिन, भाजपा ने ये भी तय किया है कि जो कानून आम गरीब जरूरतमंद मुसलमान भाई-बहनों की मदद के लिए आया है उसकी सही बातें आम जन तक जाना चाहिए। इसलिए वक्फ कानून जन जागरण अभियान पूरे देश में चल रहा है। 10 अप्रैल को दिल्ली में इसकी बड़ी बैठक हुई थी। 14 अप्रैल को भोपाल में बैठक हुई।