नीमच। नगर पालिका नीमच में कार्यरत 64 विनियमित सफाई जनसेवकों को स्थायी आदेश मिलने के बावजूद भी नियमित वेतन नहीं मिल रहा है। सफाई कर्मी लालाराम ने बताया कि उन्हें 1 जनवरी 2024 से स्थायी आदेश जारी हुआ था, परंतु आज तक 5120/- रुपये के पुराने वेतनमान से ही भुगतान हो रहा है, जबकि आदेश में 15,500/- रुपये निर्धारित है। मामले को लेकर कर्मियों ने पूर्व में धरना प्रदर्शन और ज्ञापन भी दिए थे। 12 सितंबर 2024 को नगर पालिका ने वेतन समाधान का आश्वासन देकर आत्मदाह का निर्णय टलवाया था, लेकिन सात महीने बाद भी समस्या जस की तस है। मंगलवार को सफाई मित्र अपनी पत्नी सहित कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और चेतावनी दी कि यदि 15 जून 2025 तक वेतन का समाधान नहीं हुआ और कर्मचारी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे नगर पालिका प्रांगण में सामूहिक आत्मदाह करेंगे। पीड़ित ने नेताओं पर पैसे वसूलने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। आज सफाई कर्मी लालाराम ने इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय पर अपील के पोस्टर भी चस्पा किये।