उज्जैन। पहलगाम हमले के 15 दिन बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में चल रहे 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। ये हमले मंगलवार रात डेढ़ बजे श्ऑपरेशन सिंदूरश् के तहत बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद में किए गए। महाकाल मंदिर में आए श्रद्धालुओं को जैसे ही आतंकी ठिकानों पर हुई कार्रवाई की खबर लगी मंदिर में भारत माता की जय के नारे गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाते हुए जश्न मनाया।
श्रद्धालुओं ने कहा कि भारत का ये कदम पाकिस्तान सदियों याद रखेगा। आतंकियों को जवाब देने के बाद देर रात से ही भारत में जश्न मनाया जा रहा है। महाकाल मंदिर में देर रात को भस्म आरती में शामिल होने के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने सीमा पर खड़े जवानों के लिए भगवान से प्रार्थना की है। वहीं महिलाओं ने कहा पीएम मोदी ने एक चुटकी सिंदूर की कीमत आज पाकिस्तान को बता दी। बता दें कि भारत ने आतंकी हमलों की साजिश रच रहे आतंकियों के ठिकानों पर कार्यवाही की है। बहावलपुर में एयर स्ट्राइक के बाद 30 लोगों की मौत हुई है।
सांसद के घर के सामने जश्न
पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक को लेकर उज्जैन में जश्न का माहौल है। महाकाल मंदिर के बाद सांसद अनिल फिरोजिया के घर के बाहर भी जश्न मनाया जा रहा है। यहां महिलाएं, बच्चे, खिलाड़ी पहुंचे हैं, जो एक-दूसरे को बधाई देते हुए नाच रहे हैं। उनके साथ सांसद फिरोजिया भी नाचे और सभी को बधाई दी। उन्होंने बच्चों को मिठाई बांटी और भारत माता का जयकारा भी लगाया।