नीमच। आखिरकार भारत ने पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर ही दी। इंडियन एयरफोर्स ने मंगलवार आधी रात 1.05 बजे पाकिस्तान और पीओके, यानी पाक अधिकृत कश्मीर के भीतर एयर स्ट्राइक की। इस हमले में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। इनमें लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर हाफिज अब्दुल मलिक भी शामिल हैं। मलिक मुरीद के स्थित मरकज तैयबा एयर स्ट्राइक में मारा गया। सेना की इस जवाबी कार्रवाई ने सीआरपीएफ की जन्म स्थली नीमच में जश्न का माहौल है। शहर के आम नागरिकों व बीजेपी-कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक व समाजसेवी संगठनों ने कार्रवाई को सराहा और बोले कि सुबह उठते ही सीना गर्व से चौड़ा हो गया। पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होती रहनी चाहिए।
नीमच के पूर्व विधायक संपत स्वरूप जाजू ने भारतीय सशस्त्र बल को बधाई देते हुए देश की एकता अखंडता के साथ धैर्य बनाये रखने के लिए भारतीयों के जज्बे को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल ने जिस रणनीति से कार्य को धरातल पर क्रियान्वयन किया वह सम्पूर्ण विश्व के सामने एक बड़ी उपलब्धि है। भारतीय सशस्त्र सेना की रणनीति को सलाम है। भारतीय सेना का एक गौरवमयी इतिहास है। संपूर्ण भारतवासियों ने धैर्य रखते हुए आस्था के साथ अपना विश्वास सेना पर जताया और भारतीय सेना ने उस आस्था और विश्वास को क़ायम रखा, जिसका परिणाम हमें बीती रात को देखने को मिला।