नर्मदापुरम। सदर बाजार में बुधवार सुबह अवैध शराब ले जा रही स्कूटी ने एक बुजुर्ग की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के साथ दो बच्चियां भी घायल हो गईं। टक्कर के बाद स्कूटी पर रखी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं और तस्कर मौके से फरार हो गए।
घटना सुबह 8ः15 बजे लोक सेवा केंद्र चर्च के पास हुई, जहां शराब से लदी स्कूटी ने अशोक कुमार खरे की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में खरे अचेत हो गए और उनके साथ मौजूद एक बच्ची तनीशी तिवारी के पैर में चोट आने से चार टांके लगे।
मौके से गुजर रहे किराना व्यापारी नितेश खंडेलवाल और अन्य लोगों ने घायलों को संजीवनी अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में प्रतिबंध के बावजूद शराब माफिया खुलेआम सक्रिय है और तेज रफ्तार वाहनों से अवैध शराब की सप्लाई कर रहे हैं। पुलिस और आबकारी विभाग इन तस्करों पर नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं।