जबलपुर। पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइक की है। आपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के कई स्थानों पर अटैक किए गए, जिसमें कई आतंकियों के मारे जाने की खबर है। मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् चौक पर आतिशबाजी करते हुए इस कार्यवाही पर खुशी जाहिर की है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि 15 दिन पहले पहलगाम में आतंकी हमला करते हुए पाकिस्तान ने जो कायराना हरकत की थी, उसके एवज में यह छोटा सा टेलर पाकिस्तान को भारतीय सेना ने दिखाया है। हिंदू सेवा परिषद के अध्यक्ष अतुल जैसवानी ने कार्यकर्ताओं के साथ आतिशबाजी की और कहा कि 15 दिन पहले बेकसूर लोगों पर हमला करते हुए माताओं, बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ने की हिमाकत पाकिस्तान ने की थी, उसका बदला लिया है।
उन्होंने कहा कि ये शुरुआत है और हिंदूवादी संगठन एवं राष्ट्रवादी लोग भारतीय सेना के साथ खड़े हैं।अगर भविष्य में कोई भी देश इस तरह की हरकत करता है, तो इसी तरह से हमले किए जाएंगे। वंदे मातरम् चौक पर आतिशबाजी करते हुए हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ताओं ने इसे धर्म की विजय और राक्षसों का नाश होना बताया है।