छतरपुर। जिला के बड़ामलहरा अबार माता मंदिर परिसर में आयोजित एक बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशिकांत अग्निहोत्री द्वारा लोधेश्वर महादेव मंदिर को लेकर दिए गए कथित बयान से लोधी समाज में आक्रोश फैल गया है। समाज का आरोप है कि अग्निहोत्री ने अबार माता मेले के दौरान मंदिर में ताला डालने की बात अधिकारियों से कही थी। यह मंदिर लोधी समाज द्वारा निर्मित है और सर्व समाज के श्रद्धालु वहां दर्शन के लिए जाते हैं।
लोधी समाज ने इस बयान को अपनी धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया है और इसका विरोध शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर भी समाजजन विरोध स्वरूप पोस्ट साझा कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में रोष व्याप्त है और समाज ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
लोधी समाज का यह भी कहना है कि शशिकांत अग्निहोत्री कोई निर्वाचित जनप्रतिनिधि नहीं हैं, फिर भी वह प्रशासनिक बैठकों में किस अधिकार से भाग लेते हैं और अधिकारियों को निर्देश किस हैसियत से देते हैं, यह जनता के बीच असंतोष का विषय बना हुआ है।
लोधी समाज के अध्यक्ष पन्ना लाला लोधी, राजेंद्र सिंह लोधी प्रदेश महा सचिव लोधी समाज, के साथ सभी लोगों ने मिलकर प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को एसडीएम आयुष जैन को ज्ञापन सौंपा और शशिकांत अग्निहोत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।