देवास। मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल द्वारा सुशासन के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन के समस्त राज्य स्तरीय कार्यालयों के साथ-साथ सभी जिला कलेक्टर कार्यालयों एवं जिला स्तर पर स्थापित समस्त विभागों के जिला कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में कलेक्टर कार्यालय के साथ-साथ विभिन्न विभागों के 47 जिला कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है एवं अन्य जिला कार्यालयों में भी इसको लागू किया जाने की प्रक्रिया चल रही है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा शुरू की गई ई-ऑफिस प्रणाली, डिजिटल इंडिया कार्यक्रम का एक अभिन्न अंग है। इसका उद्देश्य सरकारी कार्यालयों को पारंपरिक कागज-आधारित कार्यालय प्रक्रियाओं से आधुनिक, डिजिटलीकृत और कागज रहित प्रणाली में परिवर्तित करके एक सरल, उत्तरदायी, प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी बनना है। ई-ऑफिस प्रणाली से कार्य करने से कार्य गतिशीलता और पारदर्शिता से होंगे। साथ ही समय की भी बचत होगी। उन्होंने जिले के सभी शासकीय कार्यालय ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही कार्य करें। आगामी दिनों में सभी विभाग इस प्रणाली को पूरी तरह से पालन करें। उन्होंने कहा कि ई- ऑफिस प्रणाली में देवास जिला का प्रदेश में 11वां स्थान पर हैं। इस रैंक में और सुधार करते हुए हमें नंबर वन बनाना है। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के जिला सूचना-विज्ञान अधिकारी मनीष कुमार खत्री को ई-ऑफिस प्रणाली क्रियान्वयन करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला सूचना-विज्ञान अधिकारी मनीष कुमार खत्री ने बताया कि इसी क्रम में समस्त विभागों के समस्त शासकीय सेवको को ई-ऑफिस पर कार्य संचालन का विस्तृत प्रशिक्षण जिला ई-दक्ष केंद्र में दिया जा चुका हैद्य इस प्रशिक्षण में सभी शासकीय सेवकों को ई-ऑफिस प्रणाली में फाइल को बनना, पत्र को पंजी करना, डिजिटली हस्ताक्षर करना, ई-साइन के माध्यम से नस्ती को भेजना, डाक्यूमेंट्स को फाइल के साथ संलग्न करना आदि शामिल है। उक्त प्रशिक्षण जिला ई-दक्ष केंद्र, के मास्टर ट्रेनर आकाश सरमंडल व नवीन जोशी द्वारा प्रदान किया जा रहा है।