नीमच। नगर पालिका में संपन्न हुई पीआईसी की बैठक में 63 प्रस्ताव मौजूद 6 सभापतियों की सहमति से पारित कर दिए गए। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों से जुड़े हुए विकास कार्यों के प्रस्ताव मुख्य रूप से शामिल रहे। जिसमें डामरीकरण, सीसी रोड, नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक, सीमेंट कुर्सियों का निर्माण से जुड़े कार्यों के विषय में चर्चा हुई।
खास तौर पर अमृत योजना के अंतर्गत दीनदयाल वाटिका का सौंदर्य करण और जल संरचना के तहत गहरीकरण संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए हैं। गौरव दिवस और अन्य विशेष अवसरों पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रस्ताव पर भी चर्चा कर सहमति दी गई। इन 63 प्रस्ताव में कर्मचारियों से जुड़े विषय भी शामिल किए गए हैं। बताते चलें कि 5 मई को होने वाली पीआईसी की बैठक सभापतियों के ना पहुंच पाने के कारण निरस्त हो गई थी। जिसमें 48 प्रस्ताव आने थे। उन 48 विषयों के साथ आज की बैठक के 15 और विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, सभापति वंदना खंडेलवाल, छाया जायसवाल, धर्मेश पुरोहित, कुसुम जोशी, नीरज अहीर, दारा सिंह यादव और नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।