अशोकनगर। लोधी समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस के पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान के खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध किया। समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
बताया की चंदेरी थाना पुलिस ने 4 मई को कृपाल लोधी की शिकायत पर गोपाल सिंह चौहान उर्फ डग्गी राजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। चौहान चंदेरी विधानसभा से तीन बार विधायक और चार बार जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं।
एफआईआर को राजनीतिक षड्यंत्र बताया
लोधी समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह एफआईआर राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है। शिकायतकर्ता कृपाल लोधी के बेटे भारत लोधी भाजपा किसान मोर्चा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हैं। समाज के लोगों का आरोप है कि यह कार्रवाई लोधी समाज को कांग्रेस नेता से दूर करने और उनकी छवि खराब करने के लिए की गई है।
निष्पक्ष जांच करने की मांग की
प्रतिनिधियों ने कहा कि डग्गी राजा ने हमेशा लोधी समाज का सहयोग किया है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य कराए और समाज के लोगों को नेतृत्व के अवसर दिए। समाज के लोगों की मांग है कि इतने वरिष्ठ नेता पर बिना जांच के मामला दर्ज करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।