बुरहानपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी और जिला होमगार्ड के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन शिविर का आयोजन किया गया। रेड क्रॉस भवन में आयोजित इस शिविर में देश के 12 राज्यों से 52 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्राथमिक उपचार के मास्टर ट्रेनर डॉ. मनोज अग्रवाल ने प्रतिभागियों को सीपीआर और रक्तस्राव रोकने की तकनीकें सिखाईं। साथ ही बेहोशी की स्थिति में प्राथमिक देखभाल की जानकारी दी। एसडीआरएफ टीम के जितेंद्र सिंह तोमर ने आग से बचाव और अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया।
जिला होमगार्ड की डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट मीनाक्षी चौहान और रेडक्रॉस अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित किया। पूजा नागड़ा और सचिव मनोहर देवके भी मौजूद रहे।
प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से कई सवाल पूछे। शिविर के अंत में सभी को प्रमाण पत्र दिए गए। आयोजकों के अनुसार यह शिविर आपदा की तैयारियों को मजबूत करने का प्रयास है। कार्यक्रम में परवेज़ खान बहादुर, अताउल्ला खान, राजेश भगत, मनीष भट्ट, उमा कपूर सहित कई सदस्य उपस्थित थे।