नीमच। जिला चिकित्सालय के लिए आज का दिन उपल्ब्धि वाला रहा। 8 मई विश्व थैलेसीमिया दिवस पर आज से थैलेसीमिया वार्ड में टैली कंसलटिंग की सुविधा प्रारंभ हो गई।
गौरतलब है कि यह सुविधा थैलेसीमिया रोगियों के लिए पूरे मध्यप्रदेश में अभी केवल नीमच में ही उपलब्ध है। टैली कंसलटिंग के शुभारंभ अवसर पर सिविल सर्जन डॉक्टर महेंद्र पाटी, प्रभारी सीएमएचओ डॉक्टर सिसोदिया, थैलेसीमिया समिति के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राठौड़ और डॉक्टर पीयूष मौजूद रहे। अब टैली कंसलटिंग से नीमच के थैलेसीमिया रोगी अपने उपचार के लिए दूरस्थ बैठे ख्यातनाम थैलेसीमिया विशेषज्ञ से आवश्यक परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। आज टैली कंसलटिंग से नीमच के 10 थैलेसीमिया रोगियों को फॉर्टिस हॉस्पिटल गुड़गांव के हेमेटोलॉजिस्ट व बोर्न मेरो ट्रांसप्लांट विषेषज्ञ डॉ राहुल भार्गव और डॉक्टर स्वाति ने परीक्षण कर परामर्श दिया। बताते चलें कि नीमच और आसपास के अंचल में थैलेसीमिया पीड़ित रोगियों की संख्या 86 के करीब है।