नीमच। शहर के महावीर नगर में रविवार को एक 7 साल के बच्चे पर स्ट्रीट डॉग्स ने हमला कर दिया था। यह पूरी घटना एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसका वीडियो सोमवार को सामने आया। इसमें बच्चा डॉग्स से बचने के लिए चिल्लाते हुए इधर-उधर भाग रहा है।
बताया गया है कि बच्चा जब महावीर नगर के रास्ते से गुजर रहा था, तभी 4 से 5 कुत्तों ने उसे घेर लिया। कुत्तों के हमले से घबराकर बच्चा चीखने लगा। उसकी चीखें सुनकर पास से गुजर रही एक महिला तुरंत मदद के लिए पहुंची। महिला ने कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचा लिया।
आपकों बता दें कि बीते एक हफ्ते में 23 लोगों को स्ट्रीट डॉग ने काटा है। महावीर नगर के निवासी आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। नगर निगम कुत्तों की नसबंदी का अभियान चला रहा है। लेकिन इसके बावजूद डॉग बाइट के मामलों में कमी नहीं आ रही है। निवासियों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। शहर में पहले भी कई डॉग बाइट के मामले सामने आ चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द ही कोई ठोस कदम उठाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि नसबंदी अभियान चल रहा है। कोर्ट का आदेश है कि कैंची और जाल से कुत्तों को पकड़ना पशु क्रूरता में आता है। इसलिए सुरक्षित तरीके से नसबंदी की जा रही है।