नीमच। सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों में सक्रिय जैन सोशल ग्रुप (जेएसजी) उड़ान, नीमच द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं व्यापारियों के लिए जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ।
23 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान-
प्रथम सत्र में सकल जैन समाज के कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 23 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों का उनके अभिभावकों की उपस्थिति में माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट किए गए। इस अवसर पर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी गईं।
व्यापारियों को दी कर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी-
द्वितीय सत्र में जैन समाज के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं ग्रुप सदस्यों के लिए आयकर (इनकम टैक्स), जीएसटी तथा एमएसएमई विषयों पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें शहर के चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमित जिंदाणी ने आयकर तथा राहुल खाबिया ने जीएसटी एवं एमएसएमई से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रुप से जुड़े तीन नए दंपती सदस्यों का भी माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. एम.एल. जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में गतिविधि संयोजक एवं उपाध्यक्ष अनिल कुमार बोड़ावत, सह-संयोजक एवं उपाध्यक्ष अजित कुमार सांभर तथा सह सचिव आशीष जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन ग्रुप संरक्षक मुकेश आंचलिया ने किया, जबकि अंत में ग्रुप सचिव घनश्याम बाफना ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।